रीवा | 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने निकले पिता और पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार लग्जरी ऑडी कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
बेटे की शादी का निमंत्रण बांटने निकले थे
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा और उनके छोटे बेटे राहुल के रूप में हुई है। भागवत विश्वकर्मा के बड़े बेटे की शादी 24 फरवरी को तय थी। इसी सिलसिले में वे अपने छोटे बेटे और एक अन्य रिश्तेदार के साथ बाइक से रिश्तेदारों को शादी का कार्ड देने जा रहे थे।
कोष्टा हाइवे पर हुआ भीषण हादसा
यह हादसा रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोष्टा राजमार्ग पर, शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर हुआ। शनिवार शाम सामने से आ रही तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
चालक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे में पिता-पुत्र के साथ मौजूद एक अन्य रिश्तेदार की भी मौत हो गई है। पुलिस ने ऑडी कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
गांव में पसरा मातम
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
