गाजियाबाद | 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए और हैरान करने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। ताजा खुलासे में पता चला है कि बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने दो नहीं, बल्कि तीन शादियां की थीं और इस बात को वह जांच के शुरुआती चरण में छिपाता रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच टीम को चेतन कुमार की तीन शादियों से जुड़े वैध मैरिज सर्टिफिकेट मिले हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक, चेतन ने वर्ष 2010 में सुजाता से पहली शादी की थी। इसके बाद 2013 में उसने सुजाता की बहन हिना से विवाह किया और वर्ष 2021 में सीलमपुर निवासी टीना से कोर्ट मैरिज की।
तीसरी पत्नी पढ़ाई को लेकर थी सख्त
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीसरी पत्नी टीना बच्चियों की शिक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर थी। वह बच्चों को मोबाइल फोन और कोरियाई कल्चर की बढ़ती लत से दूर कर पढ़ाई की ओर मोड़ना चाहती थी। उसी के सुझाव पर करीब एक महीने पहले तीनों बहनों का ट्यूशन भी लगवाया गया था।
टीना द्वारा बार-बार मोबाइल उपयोग पर रोक लगाने और पढ़ाई को लेकर सख्ती बढ़ाने के बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। ट्यूशन टीचर की शिकायत के बाद कि बच्चियां वहां भी खुद को कोरियाई बताती थीं, घर में अनुशासन और कड़ा कर दिया गया।
तीसरी शादी छिपाने की कोशिश
पुलिस का मानना है कि चेतन कुमार ने अपनी तीसरी शादी की जानकारी इसलिए छिपाई, ताकि उसके चरित्र को लेकर सवाल न खड़े हों। शुरुआती पूछताछ में उसने केवल दो शादियों की ही बात कही थी।
मां और मौसी सदमे में
घटना के बाद से सुजाता और हिना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बयान दर्ज करने के दौरान दोनों बार-बार बेसुध हो जाती हैं और एक ही बात दोहराती रहती हैं। फिलहाल परिवार के अन्य सदस्य उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
सोसायटी में भी बढ़ा विरोध
भारत सिटी सोसायटी में चेतन कुमार के परिवार को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। सोसायटी की एओए के अध्यक्ष जयप्रकाश ठाकुर ने बताया कि फ्लैट मालिकों के साथ इस विषय पर चर्चा की गई है। लोगों का मानना है कि मौजूदा हालात में परिवार का वहां रहना उचित नहीं है, हालांकि शोक की स्थिति को देखते हुए फिलहाल कोई औपचारिक निर्णय नहीं लिया गया है।
घटनास्थल अब भी बना डर का कारण
सोसायटी परिसर में जिस स्थान पर घटना हुई थी, वहां अब भी पुलिस बैरिकेडिंग लगी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल की सफाई अब तक नहीं कराई गई है, जिससे बच्चे और महिलाएं डर के माहौल में हैं। इस पर एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही बैरिकेड हटाकर सफाई कराई जाएगी।
पूरा देश सदमे में
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात भारत सिटी सोसायटी की एक बहुमंजिला इमारत से कूदकर तीन नाबालिग बहनों—निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12)—ने जान दे दी थी। पुलिस के अनुसार, तीनों मोबाइल और ऑनलाइन कोरियाई गेम की लत से प्रभावित थीं। उनके कमरे से एक डायरी भी मिली है, जिसमें कई पन्नों में भावनात्मक बातें लिखी हुई थीं।
यह मामला न केवल परिवार, बल्कि समाज में बच्चों की डिजिटल आदतों और मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
