मुंबई, 08 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मुंबई पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कुरार पुलिस ने मलाड पूर्व के पठानवाड़ी इलाके से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से फर्जी पहचान पत्रों के सहारे भारत में रह रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुरार पुलिस स्टेशन की एंटी-टेरर सेल (एटीसी) को गुप्त सूचना मिली थी कि मलाड ईस्ट के पठानवाड़ी क्षेत्र में कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रहकर नकली दस्तावेजों के आधार पर अपनी पहचान छिपा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद कुरार पुलिस और एटीसी की संयुक्त टीम ने 2 से 6 फरवरी के बीच इलाके में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इनके पास से बांग्लादेश से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें नागरिकता प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र और बांग्लादेश का नेशनल आईडी कार्ड शामिल है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मलाड पूर्व इलाके में रहकर छोटे-मोटे व्यवसाय कर रहे थे और अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने के बाद यहीं बस गए थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ‘रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर’ हासिल करने की प्रक्रिया जारी है, वहीं उन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट करने की भी तैयारी की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई की निगरानी डीसीपी महेश चिमटे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजीव तावड़े द्वारा की गई। कुरार पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध घुसपैठ के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है।
