गाजियाबाद, 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में हुई तीन नाबालिग बहनों की मौत के मामले में पुलिस को अहम सबूत हाथ लगे हैं। घटनास्थल से बरामद आठ पन्नों के सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने अपनी मानसिक स्थिति, रुचियों और पारिवारिक परिस्थितियों का विस्तार से उल्लेख किया है। जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें लंबे समय से मोबाइल फोन के माध्यम से विदेशी वेब सीरीज, के-पॉप, गेम्स और कार्टून कंटेंट से जुड़ी हुई थीं, जिससे उनके रहन-सहन और व्यवहार में भी बदलाव आया था।
करीब 15 दिन पहले परिजनों द्वारा मोबाइल फोन छीने जाने और इसको लेकर हुए विवाद के बाद वे मानसिक तनाव में रहने लगी थीं। नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्हें अपनी पसंद और शौक को लेकर बार-बार टोका जाता था, जिससे वे खुद को अकेला और समझा न जाने वाला महसूस करने लगी थीं।
सुसाइड नोट के अनुसार, तीनों बहनों ने विदेशी कलाकारों, संगीत, कार्टून और गेम्स के प्रति अपने गहरे लगाव का जिक्र किया है। उन्होंने अपने नाम भी बदल लिए थे और घर के कुछ सदस्यों से भावनात्मक रूप से विशेष रूप से जुड़ी हुई थीं। परिवार में उनकी छोटी बहन को लेकर भी अक्सर मतभेद होते थे, जिससे वे आहत रहती थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखे तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों, सोसायटी के लोगों और अन्य संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
