लखनऊ, 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
उत्तर प्रदेश सरकार ने जानलेवा साबित हो रहे चाइनीज मांझे के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए पूरे राज्य में इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। बढ़ती दुर्घटनाओं और मौत की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर सख्त रोक के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री और सप्लाई रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। बाजारों, गोदामों और ऑनलाइन बिक्री पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया है। इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया है कि यदि चाइनीज मांझे की वजह से किसी व्यक्ति की जान जाती है, तो ऐसे मामलों में इसे साधारण हादसा नहीं बल्कि हत्या माना जाएगा। दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में चल रहे इस अभियान की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि प्रतिबंध का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके और नागरिकों की जान की सुरक्षा की जा सके।
