लखनऊ | 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे से हुई एक दर्दनाक घटना के बाद राज्य सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए साफ कर दिया है कि अब चाइनीज मांझे के कारण होने वाली मौतों को सामान्य हादसा नहीं, बल्कि हत्या की श्रेणी में माना जाएगा।
सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में चाइनीज मांझे के उत्पादन, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आदेश दिया है कि सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर इस खतरनाक मांझे के खिलाफ कार्रवाई की जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे अभियान की नियमित उच्च-स्तरीय समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि बाजारों, दुकानों और संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी की जाए और चाइनीज मांझे की अवैध मौजूदगी को पूरी तरह खत्म किया जाए।
दरअसल, लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र में हैदरगंज ओवरब्रिज पर बुधवार को बाइक सवार एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है।
सरकार का मानना है कि चाइनीज मांझा न सिर्फ जानलेवा है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। इसी वजह से अब इसके इस्तेमाल से जुड़ी किसी भी घटना को बेहद गंभीर अपराध की तरह देखा जाएगा।
