मुंबई, 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड में दहशत का माहौल है। इस मामले में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े फरार आरोपी शुभम लोनकर का नाम सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच पूरी तरह सतर्क हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर द्वारा फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कम से कम पांच बड़ी हस्तियों को धमकी दिए जाने की खुफिया जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि इन धमकियों का मकसद रंगदारी वसूलना था। हालांकि, डर के माहौल के कारण अब तक किसी भी फिल्मी सितारे ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
गौरतलब है कि बीते रविवार को जुहू स्थित रोहित शेट्टी के बंगले के बाहर फायरिंग की गई थी। शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे शुभम लोनकर की भूमिका सामने आई है। इस घटना के बाद पूरे फिल्म जगत में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को शुभम लोनकर की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी हाथ लगी है, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री को खुले तौर पर चेतावनी दी गई थी। इस पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल भी जांच में जुट गई है।
हालांकि, रोहित शेट्टी ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट किया है कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से किसी भी तरह की धमकी नहीं मिली है। बावजूद इसके, पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
फिलहाल, क्राइम ब्रांच की कई टीमें देश के अलग-अलग राज्यों में संदिग्ध शूटरों और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
