उधमपुर, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मंगलवार को मुठभेड़ की सूचना मिली है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस ऑपरेशन में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों की मौजूदगी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी घायल हुआ है, जबकि दो आतंकी जंगल क्षेत्र में स्थित एक गुफा में छिपे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, व्हाइट नाइट कोर के अंतर्गत CIF डेल्टा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बसंतगढ़ इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान रामनगर के जाफर जंगल क्षेत्र में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
करीब एक घंटे तक चली शुरुआती मुठभेड़ में एक आतंकी के घायल होने की खबर है, जो अपने साथी के साथ गुफा के भीतर घुस गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, गुफा में दो संभावित निकास मार्ग हैं, जिन्हें घेराबंदी कर पूरी तरह सील कर दिया गया है।
शाम करीब 7:30 बजे आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर बाहर निकलने की कोशिश की, जिससे एक बार फिर फायरिंग शुरू हो गई। मौके पर तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजकर घेराबंदी और सख्त कर दी गई।
सुरक्षाबलों ने आतंकियों को निष्क्रिय करने के लिए अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL) का भी इस्तेमाल किया। गुफा के अंदर आतंकियों की स्थिति का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। सेना ने बताया कि पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वहीं, उधमपुर के साथ-साथ किश्तवाड़ जिले में भी सुरक्षा कारणों से ऑपरेशन त्राशी-1 चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल आतंकियों के सफाए तक ऑपरेशन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
