मुंबई, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। मामले में बिश्नोई गैंग का नाम सामने आने के बाद रोहित शेट्टी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पहले जहां उनके घर पर सीमित पुलिस बल तैनात था, अब अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार अत्याधुनिक कंट्री मेड था, जिससे कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग में किस प्रकार की बुलेट का इस्तेमाल हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये बुलेट सामान्य हथियारों की तुलना में ज्यादा ताकतवर होती हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हुआ। रास्ते में उसने कल्याण जाने के लिए एक ऑटो चालक से बात की, लेकिन मना किए जाने पर दूसरे ऑटो से विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास तक पहुंचा। लोकल ट्रेनें बंद होने के कारण आरोपी ने निजी साधन से मुंबई छोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों ऑटो चालकों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
इस मामले में स्कूटी डिलीवरी से जुड़े दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उन्हें इस काम के बदले 10 हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पूरे हमले के लिए कितनी रकम खर्च की गई और पैसे कहां-कहां से ट्रांसफर हुए। बैंक ट्रांजेक्शन की भी जांच चल रही है।
पुलिस ने रोहित शेट्टी से भी पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि उन्हें किसी भी तरह की धमकी नहीं मिली थी, न फोन कॉल, न मैसेज और न ही ईमेल के जरिए। जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटना के वक्त शूटर अकेला नहीं था और उसके साथ गैंग के अन्य लोग भी मौजूद हो सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्य शूटर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अब तक इस मामले में दर्जन भर से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
