गाजियाबाद, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाली तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ इमारत की 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से परिवार और सोसाइटी के लोग गहरे सदमे में हैं।
घटना थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 टावर की बताई जा रही है। मृतक बच्चियों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बहनें अपने परिजनों के साथ इसी टावर के 907 नंबर फ्लैट में रहती थीं। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 बजे के आसपास हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें आपस में बेहद जुड़ी हुई थीं और अधिकांश काम एक साथ किया करती थीं। पुलिस उनके पारिवारिक माहौल, मानसिक स्थिति और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
कुछ जानकारियों में यह भी सामने आया है कि बच्चियां मोबाइल आधारित ऑनलाइन गेम्स में रुचि रखती थीं, हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की जांच और परिजनों के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल, इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
