जबलपुर, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। NH-45 जबलपुर–भोपाल नेशनल हाईवे पर शाहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथरा/शाहपुरा के पास बने ओवरब्रिज से एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। नीचे सर्विस रोड से गुजर रही एक कार पर हाइवा सीधा जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में हाइवा चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही जान चली गई। इस प्रकार दुर्घटना में कुल दो लोगों की मौत हो गई।
कार में एक महिला सहित परिवार के पाँच सदस्य सवार थे। कार पर भारी वाहन गिरने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद हाइवा और कार दोनों ही वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
