मेरठ, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) – मेरठ के थाना जानी क्षेत्र में दिन निकलते ही पुलिस और बदमाशों के बीच रोमांचक मुठभेड़ हुई। पुलिस ने ग्राम मुंडाली में डकैती डालने वाले दो इनामी बदमाशों को घायल हालत में गिरफ्तार किया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के अनुसार, सोमवार को सरूरपुर पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान एक स्लेटी रंग की i10 कार को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन कार सवार बदमाश खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए भोला झाल की ओर भाग निकले।
सूचना मिलते ही थाना जानी पुलिस ने आश्रम नहर पटरी पर घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उनकी कार पेड़ से टकराकर पलट गई। बदमाश कार से बाहर निकलकर भागने लगे, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, और उन्हें गंभीर हालत में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस, लूटे गए तीन टॉप्स/बाला (मोती के आभूषण), 10,050 रुपये नकद, तथा डकैती के पैसों से खरीदी गई सेकंड हैंड i10 कार बरामद की।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि 21 जनवरी 2026 को उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर मोती कारोबारी शाहजीम के घर डकैती डाली थी। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के चलते वे दिल्ली भागने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई:
सलीम उर्फ सुल्तान उर्फ शेखचिल्ली, पुत्र आबिद, निवासी खिवाई, थाना सरूरपुर
दिलशाद उर्फ भूरी, पुत्र हसमत अली, निवासी बहराइच, हाल पता लोनी गाजियाबाद
