मुंबई, 03 फरवरी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने के ऐलान के बाद आज भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स करीब 2500 अंक (2.9%) की उछाल के साथ 84,000 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी भी 700 अंक (2.9%) चढ़कर 25,800 के आसपास पहुंच गया।
शेयर बाजार में आई इस मजबूती का असर रियल्टी, ऑटो और आईटी सेक्टर के शेयरों पर साफ दिखाई दिया, जहां अधिकांश स्टॉक्स हरे निशान में रहे। खास बात यह है कि बजट वाले दिन सेंसेक्स में आई 1,546 अंकों की गिरावट की पूरी तरह रिकवरी भी हो गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बने सकारात्मक माहौल से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। 2 फरवरी को डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया था कि भारत के साथ एक नई डील पर सहमति बन गई है, जिसके तहत टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया जाएगा। इसके बदले भारत रूस से तेल की खरीद कम करेगा और अमेरिका से अधिक मात्रा में ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और कृषि उत्पाद खरीदेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस समझौते की जानकारी साझा की थी। गौरतलब है कि इससे पहले ट्रंप ने अप्रैल 2025 में भारत पर 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ और रूस से तेल खरीदने को लेकर अगस्त में अतिरिक्त 25 प्रतिशत पेनल्टी लगाने की घोषणा की थी।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार अब भारत पर कुल मिलाकर सिर्फ 18 प्रतिशत टैरिफ ही लागू होगा। साथ ही रूस से तेल खरीद को लेकर लगाई गई 25 प्रतिशत पेनल्टी को भी हटाने का फैसला किया गया है।
