नई दिल्ली, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यापारिक बातचीत आखिरकार निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई है। सोमवार को दोनों देशों के बीच अहम ट्रेड डील का ऐलान किया गया, जिसके तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ में बड़ी कटौती की है। अब भारत पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जानकारी दी कि भारत पर लागू 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ और रूस से तेल खरीद को लेकर अगस्त में लगाया गया 25 प्रतिशत पेनल्टी टैरिफ अब हटा दिया गया है। इसके बाद भारत पर केवल 18 प्रतिशत टैरिफ ही लागू रहेगा।
सोमवार सुबह राष्ट्रपति ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके कुछ ही घंटों बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर रात करीब 10:30 बजे इस ट्रेड डील की आधिकारिक घोषणा की।
ट्रम्प के अनुसार, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीद में कमी लाने और अमेरिका से अधिक तेल आयात करने पर सहमति जताई है। साथ ही जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला से तेल खरीद की संभावना पर भी चर्चा हुई।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य क्षेत्रों में 500 अरब डॉलर (करीब 46 लाख करोड़ रुपये) से अधिक की खरीद करेगा। इसके साथ ही भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने की दिशा में कदम उठाएगा।
ट्रम्प ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी की मित्रता और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच यह समझौता तुरंत प्रभाव से लागू किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह डील वैश्विक शांति प्रयासों, विशेषकर रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान में मददगार साबित हो सकती है।
ट्रेड डील की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रम्प का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना भारत के लिए एक सकारात्मक कदम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा कि जब दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र और प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं साथ मिलकर काम करती हैं, तो इसका लाभ सीधे दोनों देशों के नागरिकों को मिलता है। उन्होंने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
