देहरादून, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) की एक यात्री बस क्वानू क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से रवाना होकर नेरवा पहुंची थी और इसके बाद मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग से पांवटा साहिब की ओर बढ़ रही थी। बस में उस समय 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसा सुबह लगभग 10 बजे सुदोई खड्ड के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि संकरे पहाड़ी मार्ग पर सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का पुश्ता धंस गया, जिससे बस संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते बस कई पलटियां खाते हुए गहरी खाई में गिरकर खड्ड में जा समाई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण राहत और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
