भीलवाड़ा, 1 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
भीलवाड़ा शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। भीमगंज थाना पुलिस ने नेहरू विहार इलाके में संचालित एक संगठित सट्टा अड्डे पर छापा मारकर ऑनलाइन सट्टा लगाते 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 49 एंड्रॉयड मोबाइल, 3 लैपटॉप, 2 टैबलेट, सट्टे में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ा हिसाब बरामद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि यह कार्रवाई 29 जनवरी को की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। दबिश के दौरान मकान के तीन कमरों में बड़ी टेबलों पर लैपटॉप और बिजली से जुड़े दर्जनों मोबाइल चालू हालत में मिले, जिनके जरिए आरोपी लगातार सट्टे के भाव बता रहे थे और दांव लगवाए जा रहे थे।
पुलिस को देखते ही आरोपी फरार होने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टे की खाईवाली कर रहे थे। इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का दुरुपयोग कर आम लोगों को सट्टे के जाल में फंसाया जा रहा था, जिससे अवैध मुनाफा कमाया जा रहा था। सट्टा संचालन में दूसरों की सिम और मोबाइल का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे यह एक संगठित अपराध साबित हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी:
गोविंद पुत्र पुरुषोत्तम तेजवानी – निवासी सुभाषनगर
चन्दन पुत्र जगदीश फतनानी – शास्त्रीनगर
तरूण पुत्र नरेश कुमार करनानी – शास्त्रीनगर
मूलचंद पुत्र गोविंदराम – शास्त्रीनगर
आरिफ अंसारी पुत्र मोहम्मद असलम – मोमिन मोहल्ला, थाना भीमगंज
कमलेश पुत्र धर्मराज कलवानी – निवासी नाथद्वारा सराय
भीमगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और ऑनलाइन लेन-देन की कड़ियों की जांच शुरू कर दी है।
झालावाड़ में नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई, अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर
वहीं, झालावाड़ जिले के मिश्रोली ब्लॉक अंतर्गत आमलिया खेड़ा गांव में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारागाह भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई हाल ही में पकड़ी गई एमडी ड्रग्स की बड़ी फैक्ट्री के बाद की गई है, जहां से करीब 5 करोड़ रुपये की 2 किलो एमडीएम और 130 किलो केमिकल ड्रग्स जब्त किए गए थे।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, अवैध कब्जे का मालिक गोपालसिंह पुत्र मांगूसिंह बताया जा रहा है। मामले में तीन आरोपी फरार हैं, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
