इटावा, 1 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आगरा हाईवे पर शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जसवंतनगर क्षेत्र के मलाजनी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जो चार धाम और बरसाना के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस मथुरा के बरसाना से दर्शन के बाद जालौन जिले के उरई की ओर जा रही थी। जैसे ही बस आगरा हाईवे पर मलाजनी गांव के समीप पहुंची, उसी दौरान इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। कम दृश्यता के चलते चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस तेज आवाज के साथ पलट गई। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने खिड़कियों और दरवाजों के सहारे यात्रियों को बाहर निकाला। साथ ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। इस दौरान कुछ समय के लिए आगरा हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से जसवंतनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के मुताबिक, आठ श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई थी, लेकिन सभी अब खतरे से बाहर हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से प्रभावित श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रात के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता अत्यंत कम थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी घायलों का उपचार जारी है।
