आगरा, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट):
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। खंदौली थाना क्षेत्र अंतर्गत जलेसर रोड पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरे दो ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सभी लोग जगन्नाथ पुरी धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। ये सभी दोस्त 20 जनवरी को ओडिशा के पुरी गए थे और शनिवार को जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से अपने गांव लौटने के लिए उन्होंने दो ऑटो किराए पर लिए थे। रास्ते में नगला चंदन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो सड़क किनारे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में हाथरस जिले के भादउ गांव निवासी विजय सिंह उर्फ बीजो गौतम, लक्ष्मीचंद, रघुवीर, बिरला मिस्त्री और आगरा के शाहगंज निवासी ऑटो चालक शाहिद की मौत हो गई। वहीं धनप्रसाद और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक अत्यधिक तेज गति में था और वाहन को संतुलन में नहीं रख पा रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार होने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी, बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है और ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
