अमृतसर, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
पंजाब पुलिस ने अमृतसर में एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड, एक पिस्तौल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से काले पैकेटों में पैक कर 40 किलो से अधिक हेरोइन भारत भेजी थी। यह खेप अमृतसर के गांव ओठियां के समीप गिराई गई थी। देर रात मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक इन पैकेटों को लेकर जा रहे थे, लेकिन सड़क निर्माण कार्य के चलते रास्ता बंद होने पर वे आगे नहीं बढ़ सके।
स्थानीय लोगों और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने युवकों को रोकने की कोशिश की, जिससे वे घबरा गए और मोटरसाइकिल व संदिग्ध पैकेट वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना से संदेह होने पर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन के साथ चार ग्रेनेड, एक पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल फरार आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस का मानना है कि इस मामले के तार किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
