शिमला/मनाली, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल शिमला और मनाली में हुई भारी बर्फबारी ने पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते सड़क संपर्क टूट गया, जिससे हजारों पर्यटक घंटों तक जाम में फंसे रहे। कई लोगों को भोजन, गर्म कपड़े और सुरक्षित ठहरने की जगह तक नहीं मिल पाई।
मनाली में करीब दो फीट ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके कारण 23 जनवरी से राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले 60 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। बर्फ हटाने का काम समय पर पूरा नहीं होने और फिसलन के कारण मनाली से कोठी तक लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालात इतने खराब रहे कि कई पर्यटकों को अपने वाहन छोड़कर पैदल होटल तक जाना पड़ा, जबकि कुछ लोगों को पूरी रात गाड़ियों में ही बितानी पड़ी।
कुल्लू-मनाली मार्ग पर गोजरा स्थित लेफ्ट बैंक रोड पर भी लंबा जाम देखने को मिला। संकट की इस घड़ी में स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर फंसे यात्रियों को खाना और शरण उपलब्ध कराई, जिससे कई लोगों को राहत मिली।
एसडीएम रमन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और रास्तों को खोलने का काम जारी है। वहीं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने दावा किया है कि बर्फ हटाने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं और यातायात धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश व बर्फबारी की चेतावनी दी है। इसके चलते प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी की गई आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें।
