हुगली | 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिंगूर में आयोजित जनसभा के दौरान केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बहाने राज्य में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी सूरत में बंगाल के लोगों को डिटेंशन कैंप में जाने नहीं देंगी।
सभा में मुख्यमंत्री ने सिंगूर सहित राज्य की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जाएगा, लेकिन खेती की जमीन की कीमत पर नहीं। रोजगार सृजन के उद्देश्य से सिंगूर में आठ एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क विकसित किया गया है, जिसमें कृषि भूमि का उपयोग नहीं किया गया है।
ममता बनर्जी ने सिंगूर से ही 1,500 करोड़ रुपये की लागत वाले घाटाल मास्टर प्लान का वर्चुअल उद्घाटन किया। साथ ही बंगला बाड़ी योजना के तहत 20 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में घर निर्माण के लिए राशि ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य भर में एक हजार से अधिक सेवाओं का उद्घाटन किया गया है, जिनके लिए कुल 33,551 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य को वित्तीय मदद नहीं दे रही है और घाटाल मास्टर प्लान के लिए एक हजार करोड़ रुपये राज्य ने अपने संसाधनों से दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सिंगूर भूमि आंदोलन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों की जमीन बचाने के लिए 26 दिन का अनशन किया था। उन्होंने कहा कि भूमि वापस लौटाना उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि अन्य सरकारें केवल घोषणाएं करती हैं, जबकि उन्होंने व्यक्तिगत जोखिम उठाकर अपना वादा निभाया।
एसआईआर को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एनआरसी लागू करने की साजिश है। उन्होंने सवाल उठाया कि शादी के बाद महिलाओं का सरनेम बदलने पर उन्हें कैसे साबित करना पड़ेगा कि वे नागरिक हैं। ममता बनर्जी ने कहा, “मुझे जेल में डालो या गोली मारो, मुझे डर नहीं है। अगर मुझे कुछ हुआ तो माताएं-बहनें और किसान जवाब देंगे।”
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने एसआईआर और आतंक विषय पर कविताएं भी पढ़ीं। उन्होंने बताया कि आशा और आईसीडीएस कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन खरीदने के लिए 10 हजार रुपये दिए गए हैं। किसानों को भी आर्थिक सहायता दी जा रही है और फसल बीमा योजना के तहत चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है। इसके अलावा 290 शरणार्थी कॉलोनियों को मान्यता दी गई है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल को कमजोर समझना भूल होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बंगाल ने जवाब देना शुरू किया तो उसे झेल पाना किसी के लिए आसान नहीं होगा।
