अमृतसर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
पंजाब पुलिस ने दो साल पुराने एक रंगदारी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई श्री मुक्तसर साहिब पुलिस द्वारा मंगलवार रात करीब 10 बजे की गई। पुलिस ने दोनों को अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के नजदीक स्थित एक होटल से हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह और उनकी पत्नी प्रीतपाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला एक शिक्षक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी से जुड़ा है। इस संबंध में 3 दिसंबर 2024 को एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित शिक्षक गांव उडेकरन का निवासी है और वह बीते 33 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहा है। शिक्षक को 27 नवंबर 2024 को स्कूल ड्यूटी के दौरान एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, उसी दिन उसे कई बार धमकी भरे फोन आए, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया। छह दिन बाद फिर कॉल आई, लेकिन भय के चलते उसने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में परिजनों को जानकारी देने के बाद उसने श्री मुक्तसर साहिब पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुक्तसर साहिब पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उस समय बंबीहा गैंग और गोल्डी बराड़ के बीच संबंध थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था और वे कथित तौर पर फिरौती से प्राप्त धन से ही अपना खर्च चला रहे थे। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
