नई दिल्ली, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कनाडा में रह रहे पंजाबी गायक वीर दविंदर को अज्ञात बदमाशों से जान का खतरा मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, फिरौती की मांग पूरी न होने पर हमलावरों ने उनके घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सिंगर से करीब 5 लाख डॉलर (लगभग 4 करोड़ रुपये) की मांग की थी। रकम न देने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इसके करीब 19 दिन बाद बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाया।
कैलगरी के रेडस्टोन कॉमन इलाके में वारदात
यह घटना कैलगरी के रेडस्टोन कॉमन क्षेत्र की है, जहां पंजाबी समुदाय की बड़ी आबादी निवास करती है। हमलावरों ने घर पर कई राउंड फायर किए, जिससे मकान को नुकसान पहुंचा। कुछ गोलियां घर के भीतर तक जा पहुंचीं, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय सिंगर और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था।
फोन कॉल के जरिए मांगी गई थी फिरौती
मिली जानकारी के अनुसार, वीर दविंदर कुछ साल पहले ही अपने परिवार के साथ कनाडा में बस गए थे। 6 जनवरी को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था, जिसने खुद को ‘आंडा बटाला’ बताते हुए मोटी रकम की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
26 जनवरी को किया गया हमला
धमकी के बाद 26 जनवरी को बदमाशों ने उनके घर पर फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में भय का माहौल बन गया है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
