दौसा, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट):
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। पापड़दा थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 193 के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक में फंस गई और काफी दूरी तक उसके साथ घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी समय लगा।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी थे और मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। दुर्घटना में राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार की पिछली सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। घटना के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
