कोलकाता, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आनंदपुर इलाके में एक ड्राई फूड गोदाम में लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3 बजे लगी आग के बाद से कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
पुलिस ने बताया कि आग बुझाने के लिए लगभग 15 फायर टेंडर को मौके पर लगाया गया, जिन्होंने दिन-रात कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सोमवार शाम तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि मंगलवार को एक और व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई।
बारुईपुर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य लोगों की तलाश जारी है। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, जिससे तलाशी अभियान तेज किया गया है।
घटना आनंदपुर के नजीराबाद इलाके में स्थित उस गोदाम में हुई, जहां सूखा पैकेट वाला खाद्य पदार्थ और सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलें रखी गई थीं। फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, आग पास के दो अन्य गोदामों तक फैल गई, जिससे भारी नुकसान हुआ और लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। गोदाम संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राज्य के बिजली मंत्री अरूप बिस्वास मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने राहत-बचाव कार्य का निरीक्षण किया और लापता लोगों के परिवारों से भी बातचीत की।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को आशंका है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़की होगी। बताया गया है कि रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अंदर फंस गए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने वाले छह से अधिक लोग अंदर फंसे थे।
स्थानीय लोगों और मजदूरों के परिजनों का आरोप है कि गोदाम बाहर से बंद था, जिस कारण अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। परिजनों ने बताया कि आग लगने के बाद मजदूरों ने अंदर से फोन कर मदद मांगी थी और जान बचाने के लिए एक दीवार तोड़ने की कोशिश भी की थी, लेकिन बाद में उनसे संपर्क टूट गया।
गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया है। आग से हुए कुल नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है।
