*अर्जुन झा*
(दुर्ग भिलाई अपडेट) बीजापुर:- बीजापुर जिले और तेलंगाना की सीमा पर स्थित माओवाद प्रभावित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में रविवार को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान दो अलग-अलग प्रेशर आईईडी विस्फोट हुए। जिनमें राज्य पुलिस की डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना पर दंतेवाड़ा एवं बीजापुर पुलिस ने सीआरपीएफ और डीआरजी की टुकड़ियों के साथ मिलकर कर्रेगुट्टा के दुर्गम इलाके को रविवार सुबह से घेरना शुरू किया था। इसी घेराबंदी के दौरान रविवार सुबह लगभग 10 बजे और फिर दोपहर में दो अलग-अलग स्थानों पर दो प्रेशर आईईडी विस्फोट हुए। तीनों घायल जवान डीआरजी की टुकड़ी से हैं।
बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।
