मुरादाबाद, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मुरादाबाद जिले के बिलारी कस्बे से एक नाबालिग छात्रा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कोचिंग से लौटते समय उसकी कुछ सहपाठी छात्राओं ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे बुर्का पहनाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी नाबालिग बहन मोहल्ला शाहकुंज कॉलोनी में एक शिक्षक के घर ट्यूशन पढ़ने जाती थी। कोचिंग उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। उसके साथ पांच अन्य सहपाठी छात्राएं भी आती-जाती थीं। सभी छात्राएं एक ही कक्षा में पढ़ती थीं और आपस में दोस्त थीं।
परिजनों का आरोप है कि कुछ समय से ये छात्राएं उसकी बहन को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रही थीं और उसके मन में हिंदू धर्म के प्रति गलत भावना पैदा करने की कोशिश कर रही थीं। उनका कहना है कि धीरे-धीरे उनकी बहन उनके प्रभाव में आने लगी और घरवालों की बातें भी नहीं मान रही थी।
आरोप है कि 20 दिसंबर को ट्यूशन से लौटते समय रास्ते में उन छात्राओं ने उसकी बहन को जबरन बुर्का पहनाया। बाद में इस मामले की जानकारी परिवार को हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस जांच में घटना से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद कुछ सामाजिक संगठनों ने भी इस पर चिंता जताई है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की है।
एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
