लुधियाना, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
पंजाब के लुधियाना जिले में प्रतिबंधित चाइना डोर की वजह से एक छात्र की जान चली गई। यह दर्दनाक हादसा समराला क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हुआ, जब छात्र स्कूल से परीक्षा देकर अपने रिश्तेदार के साथ घर लौट रहा था।
मृतक की पहचान रौले गांव निवासी तरणजोत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तरणजोत अपने चचेरे भाई प्रभजोत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। दोपहर करीब 2 बजे समराला बाइपास के पास सड़क पर अचानक लटकी चाइना डोर उसकी गर्दन में उलझ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने लुधियाना–चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर की बिक्री धड़ल्ले से जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और चाइना डोर की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अवैध डोर की बिक्री व सप्लाई से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में अपना जन्मदिन मनाने वाले तरणजोत की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।
