दमोह, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। वार्ड नंबर-1 में स्थित एक सरकारी कुएं में महिला और उसके तीन माह के दुधमुंहे बच्चे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे नगर पालिका के कर्मचारियों ने जब नियमित निरीक्षण के दौरान कुएं में देखा, तो पानी में दो शव तैरते नजर आए। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया।
मृतकों की पहचान जयंती केवट (35 वर्ष) और उनके पुत्र दीपांश केवट (3 माह) के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामले की जांच की जा रही है और पुलिस हत्या व दुर्घटना—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोगों में दहशत और कई तरह की चर्चाएं भी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
