सरहिंद, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
गणतंत्र दिवस से ठीक 48 घंटे पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। देर रात रेलवे लाइन पर हुए जोरदार धमाके में एक मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन चालक को चोटें आई हैं। शुरुआती जांच में विस्फोटक के रूप में RDX के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना रात लगभग 11 बजे की है। उस समय एक मालगाड़ी फ्रेट कॉरिडोर की नई रेलवे लाइन से होकर गुजर रही थी। यह रेल लाइन विशेष रूप से मालगाड़ियों के आवागमन के लिए बनाई गई है। जैसे ही मालगाड़ी खानपुर फाटकों के पास पहुंची, अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
धमाके के प्रभाव से रेलवे ट्रैक का करीब 12 फीट हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उखड़कर अलग हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से मालगाड़ी का इंजन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान इंजन चालक को चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे लाइन पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, वहीं बम निरोधक दस्ते और जांच एजेंसियों द्वारा हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।
गणतंत्र दिवस से पहले हुए इस धमाके को गंभीर मानते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के कारणों और इस्तेमाल किए गए पदार्थ की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
