नीमच, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मध्य प्रदेश के नीमच जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कैंट थाना क्षेत्र के भरभडिय़ा फंटे के पास उस समय हुआ, जब निंबाहेड़ा की ओर से आ रहा सीमेंट से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए खेत में जा घुसा।
इस दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से पास लगा बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग शुरू हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान और कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एम्बुलेंस और डायल-112 की सहायता से राहत एवं सुरक्षा कार्य किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
