कोलकाता, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
महानगर कोलकाता के इंटाली थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन इमारत की लिफ्ट से लापता तीन वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। मृतक बच्चे की पहचान प्रीतम (उम्र 3 वर्ष) के रूप में हुई है। मासूम की इस दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंटाली थाना क्षेत्र के कॉन्वेंट लेन निवासी प्रीतम बुधवार दोपहर से लापता था। परिजनों द्वारा थाना इंटाली में गुमशुदगी की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस व परिजनों ने बच्चे की तलाश शुरू की।
बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे प्रीतम अपनी मां के साथ कॉन्वेंट लेन स्थित एक निर्माणाधीन इमारत की छत पर सूखे कपड़े लेने गया था। मां ने बच्चे को पहले नीचे जाने के लिए कहा, लेकिन जब वह स्वयं नीचे पहुंची तो बच्चा वहां नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इसी दौरान रात में इमारत के भूतल पर स्थित लिफ्ट के अंदर बच्चा बेहोशी की हालत में मिला। उसे तत्काल एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऊंचाई से गिरने के कारण बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल इस मामले में किसी प्रकार की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं और न ही अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज की गई है। हालांकि, निर्माण स्थल पर सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
