देवघर, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
हावड़ा–पटना मेन रेल मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पूर्व रेलवे के आसनसोल रेलखंड अंतर्गत जसीडीह–मधुपुर सेक्शन में कुमड़ाबाद रोहिणी और शंकरपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रेल गुमटी संख्या 27 (नावाडीह फाटक) पर 13510 डाउन गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस एक ट्रक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह करीब 9:38 बजे की है, जब गोंडा से आसनसोल की ओर जा रही ट्रेन रेलवे फाटक पर ट्रैक पर फंसे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि ट्रेन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। यह घटना 22 जनवरी की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार फाटक पर जाम की स्थिति के कारण गुमटी पूरी तरह बंद नहीं हो सकी, जिससे ट्रक रेलवे ट्रैक पर ही फंस गया। इसी दौरान जसीडीह स्टेशन से खुलकर मधुपुर की ओर बढ़ रही गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस लगातार सिटी बजाते हुए फाटक के पास पहुंची। सामने ट्रक को देखकर चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक टक्कर हो चुकी थी।
संयोगवश इस हादसे में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से लगभग तीन घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत व बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया। बाद में ट्रैक क्लियर कर यातायात बहाल किया गया।
