पुरी (ओडिशा), 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ मंदिर को सोशल मीडिया के जरिए बम हमले की धमकी मिलने के बाद मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर के भीतर और बाहर बम निरोधक दस्ते द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी बीच बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सांसद सुभाषीश खुंटिया को भी सोशल मीडिया पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई है। सांसद से 10 लाख रुपये की मांग किए जाने और पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाने की बात सामने आई है। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुरी सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो धमकी भरे सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित अकाउंट के यूआरएल लिंक की जांच कर रही है। पुरी के एसपी प्रतीक सिंह ने कहा कि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी और शाम तक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
धमकी के बाद मंदिर की स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स और विशेष कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही पुरी शहर के प्रमुख स्थानों और पर्यटन क्षेत्रों में भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सांसद को धमकी मिलने के बाद उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, फेसबुक पर ‘जूली रानी पांडा’ नाम की आईडी से धमकी भरा पोस्ट किया गया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह अकाउंट वास्तविक है या फर्जी, और इसके पीछे कौन व्यक्ति या समूह है। सांसद सुभाषीश खुंटिया ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले भी मोबाइल पर एक संदिग्ध संदेश मिला था, जिसे उन्होंने नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन सोशल मीडिया पर आई धमकियों के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल, खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही हैं।
