पणजी, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। गोवा में पिछले सप्ताह दो रूसी महिलाओं की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इस मामले में गिरफ्तार रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि उसे “एलेना” नाम से नफरत है, क्योंकि उसकी मां का नाम भी एलेना था, जिसने बचपन में उसकी अनदेखी की थी। आरोपी के अनुसार, इसी मानसिक ग्रंथि के कारण उसके भीतर इस नाम से जुड़े लोगों के प्रति घृणा पैदा हो गई।
गौरतलब है कि 15 जनवरी को गोवा के अरंबोल और मोरजिम इलाके में दो रूसी महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। मृतकों की पहचान एलेना कस्थानोवा (37) और एलेना वानीवा (37) के रूप में हुई थी। कस्थानोवा का शव अरंबोल में किराए के मकान में मिला, जबकि वानीवा का शव लगभग 8 किलोमीटर दूर मोरजिम क्षेत्र में पाया गया था। दोनों की गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों महिलाएं आपस में दोस्त थीं।
पुलिस के अनुसार, कस्थानोवा पेशे से गो-गो डांसर थीं और शादियों में सहायक के तौर पर भी काम करती थीं। वह 24 दिसंबर को गोवा पहुंची थीं। वहीं वानीवा बबल परफॉर्मर थीं और हाल ही में गोवा आई थीं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों की पहचान आरोपी एलेक्सी से हुई थी और वह उनके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
हालांकि, पुलिस ने आरोपी के दावों को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि एलेक्सी द्वारा बताए गए कारण हत्या के असली मकसद नहीं हैं। पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति संदिग्ध पाई गई है और वह मनोरोगी प्रवृत्ति का प्रतीत होता है। उसने कई ऐसे बयान दिए हैं, जो जांच में झूठे साबित हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध साक्ष्यों से दोनों हत्याओं में आरोपी की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि आरोपी के बयान “अस्पष्ट और असंगत” हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
