नई दिल्ली, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बेरसिया थाना क्षेत्र में पिकअप वैन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीन बच्चों के भी घायल होने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में पवित्र स्नान कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप वैन से ट्रैक्टर-ट्रॉली की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बेरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। बेरसिया थाना प्रभारी विजेंद्र सेन ने बताया कि पिकअप वैन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।
मृतकों की पहचान मुकेश अहिरवार (40), बाबरी बाई (60), दीपक (14), लक्ष्मी बाई (60) और हरि बाई (60) के रूप में हुई है। सभी मृतक मध्य प्रदेश के सिरोंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
वहीं, दोनों वाहनों में सवार 10 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल के हमीदिया अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारू कराया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
