नौहराधार, सिरमौर | 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बीती रात एक हृदयविदारक अग्निकांड में तीन मासूम बच्चों सहित छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे रेस्क्यू कर सोलन अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की पुष्टि एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने की है। उन्होंने बताया कि यह दर्दनाक हादसा नौहराधार क्षेत्र के तलांगना गांव में रात करीब 3 बजे हुआ। जिस मकान में आग लगी, वहां कुल सात लोग मौजूद थे। आग की चपेट में आकर छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर फटने से भड़की आग
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शॉर्ट सर्किट के बाद घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया।
मेहमानी पर आए थे मृतक
यह हादसा मोहन लाल के मकान में हुआ। जानकारी के अनुसार सभी मृतक यहां मेहमानी के लिए आए हुए थे और रात में सो रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से पालतू मवेशियों के भी जिंदा जलने की सूचना है।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है—
नरेश, पुत्र दुर्गा सिंह, निवासी टपरोली, राजगढ़
तृप्ता, पत्नी नरेश, निवासी टपरोली, राजगढ़
कविता, पत्नी लोकेंद्र, निवासी खुमड़ा, चौपाल
सारिका, पुत्री लोकेंद्र, निवासी खुमड़ा, चौपाल
कृतिका, पुत्री लोकेंद्र, निवासी खुमड़ा, चौपाल
कृतिक, पुत्र लोकेंद्र, निवासी खुमड़ा, चौपाल
इस हादसे में लोकेंद्र गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खो दिया है।
दुर्गम क्षेत्र, संचार व्यवस्था बाधित
एसडीएम सुनील कायथ ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
घटनास्थल अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है। इसी कारण घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने में कठिनाई आ रही है। प्रशासन द्वारा हर पहलू से जांच की जा रही है।
