सरे, 15 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कनाडा से पंजाबी समुदाय के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सरे (Surrey) शहर में जाने-माने पंजाबी कारोबारी बिंदर गरचा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार को 176 स्ट्रीट और 35 एवेन्यू के पास हुई। बिंदर गरचा को एक फार्म हाउस के नजदीक निशाना बनाया गया। खास बात यह है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वह सड़क आगे जाकर अमेरिकी सीमा की ओर जाती है। सूचना मिलते ही कनाडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम फुटेज भी हाथ लगी है, जिसमें पूरी वारदात कैद बताई जा रही है। इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल हत्या के कारणों और इसके पीछे के असली मकसद को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
48 वर्षीय बिंदर गरचा मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के गांव मूलो बेदियां के रहने वाले थे। वे कई साल पहले अपने परिवार के साथ कनाडा जाकर बस गए थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। सरे शहर में उनकी पहचान एक सफल और प्रतिष्ठित बिजनेसमैन के रूप में थी। वे मशहूर ‘स्टूडियो-12’ के साथ-साथ इमिग्रेशन सर्विस, एक क्लब और लिमोजिन कंपनी के भी मालिक थे।
इस हत्या के बाद न सिर्फ पंजाबी समुदाय में शोक की लहर है, बल्कि कनाडा में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
