मुंबई, 11 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) — राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को खास बनाने के लिए संघ के सौ साल के सफर पर आधारित फीचर फिल्म ‘शतक’ की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह फिल्म आरएसएस की स्थापना, उसके विचार, संघर्ष और समाज में दिए गए योगदान को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।
फिल्म ‘शतक’ का निर्देशन आशीष मल्ल कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता वीर कपूर हैं। आशीष तिवारी इस प्रोजेक्ट में को-प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म अदा 360 डिग्री एलएलपी के बैनर तले बनाई जा रही है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म को इसी वर्ष सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म आरएसएस के 100 वर्षों के इतिहास की प्रमुख घटनाओं, सामाजिक सेवा कार्यों, चुनौतियों और उपलब्धियों को दर्शाएगी। फिल्म का उद्देश्य नई पीढ़ी को संघ के विचार और उसके राष्ट्र निर्माण में योगदान से परिचित कराना है। ‘शतक’ को केवल संघ से जुड़े लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि आम दर्शकों के लिए भी प्रेरणादायक बताया जा रहा है।
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर मोशन पोस्टर साझा करते हुए फिल्म की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘शतक’ आरएसएस के सौ साल के ऐतिहासिक सफर को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करेगी और यह इसी साल दर्शकों तक पहुंचेगी।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में नागपुर में डॉ. केशवराव बलराम हेडगेवार ने की थी। संगठन का उद्देश्य समाज को संगठित करना, राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करना और सेवा कार्यों के जरिए सामाजिक उत्थान करना रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में आरएसएस के योगदान को देशभर में जाना जाता है।
