होशियारपुर, 10 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। पंजाब के होशियारपुर जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। दसूहा-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर अड्डा दोसड़क के पास पंजाब रोडवेज की बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार (नंबर HP-72-6869) में सवार सभी लोग हिमाचल प्रदेश के दौलतपुर क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह (45) पुत्र हरनाम सिंह, सुशील कुमार (46) पुत्र देसराज, ब्रिज कुमार (38) पुत्र महिंदर कुमार और अरुण कुमार (45) पुत्र गुरपाल सिंह के रूप में हुई है। सभी गांव चलेत, दौलतपुर (हिमाचल प्रदेश) के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं अमृत कुमार गंभीर रूप से घायल है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग अमृत कुमार को विदेश यात्रा के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अड्डा दोसड़क के पास दसूहा से होशियारपुर की ओर आ रही पंजाब रोडवेज की बस से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
