छतरपुर, 10 जनवरी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव नगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। धौर्रा मंदिर स्थित आरा मशीन के पास वार्ड नंबर 18 में निर्माणाधीन गेट अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में मौके पर काम कर रहे चार मजदूर उसके नीचे दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल मजदूरों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
इधर, छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। कलेक्टर ने रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये तथा घायल मजदूरों को 5–5 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं, वहीं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई है।
