इंफाल, 09 जनवरी। भारत–म्यांमार सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को करारा झटका दिया है। NCB की इंफाल जोनल यूनिट ने असम राइफल्स के साथ संयुक्त अभियान में 7.312 किलोग्राम हाई-ग्रेड हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस ऑपरेशन में म्यांमार से मणिपुर के रास्ते ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
खुफिया इनपुट के आधार पर 7 जनवरी 2026 को इंडो–म्यांमार सीमा क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान तस्करों की नई चाल सामने आई—हेरोइन को साबुन के 638 डिब्बों में बेहद चालाकी से छिपाया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि यह खेप म्यांमार के हैचिन शहर से लाई गई थी, जिसे मणिपुर के घने जंगलों के रास्ते आगे सप्लाई किया जाना था।
NCB अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के चलते ड्रग माफिया अब चेकपोस्ट और हाईवे से बचते हुए जंगल और नदी मार्गों का सहारा ले रहे हैं। यह बदला हुआ पैटर्न पूरे नॉर्थ-ईस्ट में सामने आ रहा है। इससे पहले जिरीबाम क्षेत्र से भी इसी तरह की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिनखामलियन और मांगबोई सिमटे के रूप में हुई है, जो मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के माटा–मुल्ताम इलाके के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के सीमा पार से ड्रग्स लाने और विभिन्न भारतीय राज्यों में इसकी सप्लाई करने वाले सिंडिकेट से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
NCB ने बताया कि जब्त हेरोइन की गुणवत्ता बेहद उच्च स्तर की है। फिलहाल नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित सप्लाई रूट्स की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
