लुधियाना, 08 जनवरी। लुधियाना के जालंधर बाइपास स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल के समीप उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट में रखे ड्रम से युवक के शव के टुकड़े बरामद हुए। शव के कुछ हिस्से जले हुए थे, जबकि शेष अंग सफेद ड्रम में बंद पाए गए। बदबू और संदिग्ध हालात को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मुंबई से लौटने के बाद लापता हुआ था युवक
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दविंदर के रूप में हुई है, जो लुधियाना की भारती कॉलोनी का निवासी था। दविंदर पेशे से कंप्यूटर इंजीनियर था और पिछले पांच महीनों से मुंबई में मशीनों से जुड़े कार्य की देखरेख कर रहा था। परिजनों के अनुसार, वह दो दिन पहले ही मुंबई से घर लौटा था, लेकिन कुछ ही देर घर रुकने के बाद “कटिंग करवाने” की बात कहकर निकला और फिर वापस नहीं आया।
पत्नी और सात माह की बेटी को छोड़ गया पीछे
दविंदर शादीशुदा था और उसकी सात महीने की एक बेटी है। युवक का शव तीन टुकड़ों में कटा हुआ मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोस्त पर हत्या का शक, CCTV में ड्रम ले जाते दिखे
थाना सलेम टाबरी पुलिस की प्रारंभिक जांच में दविंदर के दोस्त शेरा पर हत्या की आशंका जताई जा रही है, जो मृतक के घर के पास ही रहता है। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में शेरा अपने एक साथी के साथ बाइक पर ड्रम ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
