रंगारेड्डी, 08 जनवरी।
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार होनहार छात्रों की जान ले ली। मिर्जागुडा क्षेत्र में तेज रफ्तार SUV वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह दर्दनाक हादसा मोकिला थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार SUV अत्यधिक गति में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी। पेड़ से सीधी भिड़ंत के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
मृतकों की पहचान सूर्यतेजा, सुमित, निखिल और रोहित के रूप में हुई है। सुमित (20) IBS कॉलेज में बीबीए फाइनल ईयर का छात्र था, जबकि निखिल (20) भी कॉलेज में अध्ययनरत था। रोहित (18) इंजीनियरिंग का छात्र था। सूर्यतेजा IBS कॉलेज के सेकेंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था और मनचेरियल का निवासी था।
इस हादसे में सुनकारी नक्षत्र, जो IBS कॉलेज की सेकेंड ईयर की छात्रा हैं, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और कॉलेज परिसर में भी मातम पसरा हुआ है।
