नई दिल्ली, 08 जनवरी। खेल जगत से जुड़ा एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की महिला निशानेबाज के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी 2025 को पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। FIR में बताया गया है कि यह कथित घटना नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित एक राष्ट्रीय स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान हुई। आरोप है कि कोच ने खेल से संबंधित चर्चा के बहाने नाबालिग शूटर को फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया।
शिकायत के मुताबिक, पहले होटल की लॉबी में मिलने की बात कही गई, लेकिन बाद में दबाव बनाकर उसे कमरे में बुलाया गया, जहां उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद कोच ने उसे धमकाया और कहा कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका खेल करियर खत्म कर दिया जाएगा और परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। डर और सदमे में आई एथलीट होटल से निकल गई और बाद में अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए NRAI के सचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि जांच पूरी होने तक आरोपी कोच को किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी और वे निलंबित रहेंगे।
फरीदाबाद के NIT महिला थाना में आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट की धारा 6 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरीदाबाद पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी यशपाल यादव ने बताया कि होटल प्रबंधन से घटना के दिन के सभी CCTV फुटेज मांगे गए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
