अनकापल्ली, 29 दिसंबर।
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में रविवार को टाटा नगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189) में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन टाटानगर से एर्नाकुलम की ओर जा रही थी। आग की चपेट में आकर बी1 और एम2 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को येलामंचिली रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के कोचों में सवार यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के बाद बी1 कोच में एक यात्री के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। बाद में मृतक की पहचान चंद्रशेखर (70) के रूप में हुई, जो विजयवाड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
रेलवे पुलिस के अनुसार, आग की जानकारी सबसे पहले येलामंचिली के पास एक रेलवे प्वाइंट के समीप लोको पायलटों को मिली, जिसके बाद तत्काल ट्रेन को रोकने का निर्णय लिया गया। रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नुसरत की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि हादसे में दो कोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रेलवे और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले चुके हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
