बाराबंकी, 26 दिसंबर।
वीर बाल दिवस के अवसर पर बाराबंकी जिले की बेटी पूजा पाल ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सिरौली गौसपुर ब्लॉक के ग्राम डलईपुरवा की रहने वाली इंटरमीडिएट की छात्रा पूजा पाल को विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय नवाचार के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूजा को यह सम्मान प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर पूजा को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस वर्ष देशभर से कुल 20 बच्चों का चयन किया गया, जिनमें पूजा पाल का नाम शामिल होने से बाराबंकी जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पूजा पाल के पिता पुत्तीलाल राजगीर मजदूर हैं, जबकि मां सुनीला प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में रसोइया के पद पर कार्यरत हैं। पांच भाई-बहनों वाले परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पूजा ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार किया। बचपन से खेती-बाड़ी के माहौल में पली-बढ़ी पूजा ने गेहूं की कटाई के दौरान थ्रेशर से उड़ने वाली धूल की समस्या को देखा और इसका समाधान खोजने का संकल्प लिया।
वर्ष 2021 में कक्षा आठ में अध्ययन के दौरान पूजा ने धूल रहित थ्रेशर का मॉडल तैयार किया। यह मॉडल भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत चयनित हुआ। जिला और मंडल स्तर पर चयन के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी मॉडल को सराहना मिली और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा। 10 अक्टूबर 2023 को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में चयनित 60 मॉडलों में पूजा का मॉडल भी शामिल रहा।
पूजा की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिली। इंस्पायर अवार्ड के तहत चयनित छात्रों को जापान के सकूरा साइंस हाईस्कूल प्रोग्राम के अंतर्गत अध्ययन भ्रमण का अवसर मिला। 14 से 21 जून 2025 तक जापान प्रवास के दौरान पूजा ने आधुनिक विज्ञान और तकनीक की बारीकियां सीखीं, जहां जापानी वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने उनके नवाचार की सराहना की।
पूजा पाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डॉक्यूमेंट्री ‘कर्मयोग–एक अंतहीन यात्रा’ में भी शामिल रह चुकी हैं। साथ ही वे मिशन शक्ति फेज 5.0 की रोल मॉडल भी हैं, जिससे वे देश-प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।
गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज के सहयोग से पूजा को पुलिस एस्कॉर्ट के साथ लखनऊ एयरपोर्ट तक भेजा गया। पूजा ने जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि प्रशासन के सहयोग से ही उनके प्रयासों को नई ऊंचाइयां मिलीं। नई दिल्ली पहुंचने पर मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया और होटल अशोका में ठहराने के साथ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
