नई दिल्ली, 21 नवंबर। शुक्रवार सुबह बांग्लादेश की राजधानी ढाका में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 5.5 दर्ज की गई, जबकि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसे 5.7 बताया है। भूकंप का केंद्र ढाका से लगभग 50 किलोमीटर दूर नरसिंगडी क्षेत्र में और गहराई करीब 10 किलोमीटर थी।
कंपन इतने मजबूत थे कि इनके प्रभाव भारत के पूर्वी हिस्सों तक महसूस किए गए। कोलकाता में सुबह करीब 10:10 बजे कुछ सेकंड तक झटके लगे, जिसके बाद कई लोगों ने घरों में हिलते पंखों और झूमरों के वीडियो साझा किए। झटके कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर सहित कई जिलों में दर्ज किए गए। इसके अलावा गुवाहाटी, अगरतला और शिलांग से भी भूकंप की सूचना सामने आई।
भूकंप का असर ढाका में चल रहे बांग्लादेश-आयरलैंड टेस्ट मैच पर भी पड़ा, जिसे थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी कि शुक्रवार को बांग्लादेश के अलावा भारत और आसपास के क्षेत्रों में कुल छह भूकंप दर्ज किए गए। हिमाचल प्रदेश के चंबा में रात 12:30 बजे 2.4 तीव्रता के झटके आए। इसके बाद अफगानिस्तान में 4.2, हिंद महासागर में 4.3, तजाकिस्तान में 4.1 और पाकिस्तान में 5.2 तीव्रता के भूकंप अलग-अलग समय पर महसूस किए गए।
