**पटना, 17 नवंबर।** बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राज्य में नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री **नीतीश कुमार** सोमवार को राजभवन पहुंचे और मौजूदा विधानसभा को **19 नवंबर** से विघटित करने की कैबिनेट अनुशंसा राज्यपाल को सौंपी।
राजभवन से बाहर आते हुए मंत्री **विजय कुमार चौधरी** ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वर्तमान विधानसभा को 19 नवंबर से भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। बैठक में सरकार के पूरे कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी विभागों के सहयोग की सराहना की गई। साथ ही विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले भारी जनसमर्थन पर मुख्यमंत्री को बधाई भी दी गई। कैबिनेट बैठक के बाद मंत्रिमंडल को औपचारिक रूप से भंग कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, **नीतीश कुमार 20 नवंबर को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे**, जिसका आयोजन गांधी मैदान में किया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में **एनडीए गठबंधन को प्रचंड बहुमत** मिला है। 243 सीटों में से **भाजपा 89**, **जदयू 85**, और एनडीए सहयोगी **लोजपा (रामविलास)** को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई। चुनाव में लोजपा (रामविलास) ने 29 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 19 सीटें उसके खाते में आईं।
