**बालेसर के पास ट्रेलर और टेंपो की आमने-सामने टक्कर**
जोधपुर, 16 नवम्बर। जिले के बालेसर क्षेत्र में रविवार हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि खारी बेरी गांव के पास सुबह करीब 5 बजे अनाज की बोरियों से भरे एक ट्रेलर और गुजरात से रामदेवरा दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को बालेसर अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। हादसे में घायल हुए अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया।
टेंपो में गुजरात के बनासकांठा और धनसुरा क्षेत्र के कुल 20 श्रद्धालु सवार थे। एमडीएम अस्पताल ले जाते समय 3 वर्षीय नव्या, 40 वर्षीय भूपत सिंह और 60 वर्षीय काशिया बाई की मौत हो गई। वहीं, घटनास्थल पर दम तोड़ चुकी तीन महिलाओं की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
बालेसर से जोधपुर भेजे गए कुल 17 घायलों में से तीन की मृत्यु के बाद अब 14 घायलों का एमडीएम अस्पताल में इलाज जारी है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित के अनुसार कई घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सभी मृतकों के शव अस्पताल की मर्चुरी रूम में रखे गए हैं।
